Guwa (Sandeep Gupta) । झारखण्ड मजदूर संघर्ष संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय जल्द हीं अपने समर्थकों के साथ झामुमो का दामन थाम सकते हैं। इसको लेकर उनका प्रयास अंदर हीं अंदर जारी है। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार रामा पांडेय की बातचीत झामुमो के कुछ बडे़ नेताओं के साथ निरंतर चल रही है। झामुमो रामा पांडेय को कितना सम्मान देती है, इसपर भी बहुत कुछ निर्भर है।
उल्लेखनीय है कि रामा पांडेय की पहचान एक दबंग मजदूर नेता के रुप में सारंडा क्षेत्रों में है। वह झारखण्ड मजदूर संघर्ष संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी यूनियन सेल की किरीबुरु, मेघाहातुबुरु, गुवा एवं चिडिय़ा खदानों में काफी सक्रिय व शक्तिशाली है। रामा पांडेय बीते लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में खुलकर भाजपा प्रत्यासी पूर्व सांसद गीता कोडा़ के लिये काम किया था। हालांकि दोनों चुनाव में गीता कोडा़ को हार का सामना करना पडा़। वह वर्तमान में किसी भी राजनीतिक पार्टी के सदस्य नहीं हैं। लेकिन तमाम चुनावों में वह प्रत्यासी विशेष के लिये राजनीति में सक्रिय रहते हैं। अगर वह झामुमो का दामन थामते हैं तो मजदूरों के हक, अधिकार की लडा़ई लड़ने हेतु उन्हें अतिरिक्त ताकत मिल सकती है, क्योंकि सारंडा व लौहांचल में मजदूरों का शोषण बडे़ पैमाने पर निरंतर जारी है।
No comments:
Post a Comment