Upgrade Jharkhand News. कांग्रेस-भाजपा के बीच चल रहे वाकयुद्ध के बीच सोमवार को एक और राजनीतिक विवाद उभर कर सामने आया, जब भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वियतनाम की यात्रा की आलोचना की। भाजपा के आरोप पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि यह डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार की व्यवस्था पर केन्द्र सरकार के कुप्रबंधन से ध्यान हटाने का प्रयास है।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी ने “एलओपी” का मतलब लीडर ऑफ पर्यटन और लीडर ऑफ पार्टी बना रखा है। आज जब पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर राष्ट्रीय शोक मनाया जा रहा है। ऐसे समय में मीडिया के माध्यम से पता चला है कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी देश में रह कर शोक प्रकट करने के बजाय पर्यटन और पार्टी करने के लिए निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि 26/11 मुंबई हमले के समय भी समाचार पत्रों में खबरें आयी थीं कि उस पूरी रात राहुल गांधी नाच गाना पार्टी कर रहे थे। उन्हें मनमोहन सिंह के प्रति कोई दिली सम्मान नहीं है, बस उनके निधन पर सियासत करनी है।
भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सांसद मणिकम टैगोर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा पर “भटकाव की राजनीति” करने का आरोप लगाया। टैगोर ने इसे ‘विचलन’ की राजनीति करार देते हुए कहा, “जिस तरह से मोदी ने डॉ. साहब को यमुना तट पर दाह संस्कार के लिए जगह देने से इनकार किया और जिस तरह से उनके मंत्रियों ने डॉ. साहब के परिवार को किनारे लगाया, वह शर्मनाक है।” उन्होंने आगे कहा, “अगर गांधी निजी तौर पर यात्रा करते हैं, तो उन्हें इससे क्या परेशानी है।” और अंत में उन्होंने कहा, “नये साल में स्वस्थ हो जाओ।”उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 28 दिसम्बर, 2024 को नयी दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।
No comments:
Post a Comment