Jamshedpur (Nagendra_ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 08-09 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष कैम्प का आयोजन किया गया। विशेष कैम्प के दौरान मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी सेवाओं के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान किया गया। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए गए तथा मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बूथ संख्या 54 से 65 तक का निरीक्षण कर विशेष कैम्प में उपलब्ध व्यवस्थाओं, मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं तथा BLO की उपस्थिति एवं कार्यों का जायजा लिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र अवश्य भरें। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैम्प का लाभ उठाते हुए अपने निकटतम मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग द्वारा विशेष कैम्प के माध्यम से व्यापक स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी BLO एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केन्द्रों पर आने वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें।

No comments:
Post a Comment