Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेवा नगर निवासी संतोषी करुवा ने अपने देवर गुरुचरण करुवा के खिलाफ गुवा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह गुवा सेल में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत हैं। सेल प्रबंधन द्वारा उन्हें रहने के लिए सेवा नगर स्थित सी-टाइप आवास क्वार्टर संख्या बीसी-97 आवंटित किया गया था। संतोषी करुवा ने शिकायत में कहा है कि वह अपनी चार बेटियों के साथ अपने पति द्वारा बनाए गए कच्चे मकान में रह रही थीं। लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मिट्टी का मकान पूरी तरह ढह गया है। इसके बाद से वह खुले आसमान के नीचे तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन द्वारा उनके नाम आवंटित क्वार्टर पर उनके देवर गुरुचरण करुवा ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।
आवास खाली करने के लिए कई बार कहने के बावजूद अब तक क्वार्टर खाली नहीं किया गया है। इस संबंध में उन्होंने सेल प्रबंधन को भी लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब पांच माह पूर्व भी उन्होंने गुवा थाना में आवास खाली कराने को लेकर आवेदन दिया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने 2 सितंबर को भी इस मामले में लिखित शिकायत दी, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं हुई। संतोषी करुवा ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सेल द्वारा उनके नाम आवंटित क्वार्टर को खाली कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और कभी भी गिर सकता है। ऐसे में चार बेटियों के साथ खुले में रहने की स्थिति में उन्हें काफी परेशानी हो रही है।
No comments:
Post a Comment