LIVE TV
ब्रेकिंग न्यूज़

एसआर रुंगटा बी-डिविजन लीग, 2023-24,जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब को पराजित कर एनसीसी जामदा ने झटके चार अंक, SR Rungta B-Division League, 2023-24, NCC Jamda wins four points by defeating Jagannathpur Cricket Club


चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में कल से शुरू हुए एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के दूसरे मैच में आज नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा की टीम ने जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब को 26 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा की पूरी टीम 26.5 ओवर में 160 रन बनाकर आल आउट हो गई। उद्घाटक बल्लेबाज प्रवीण साहनी ने आठ चौकों एवं तीन छक्कों की मदद से सर्वाधिक 73 रन बनाए जबकि सुरज कुमार ने 26 तथा आयुष आर्या ने 16 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। 

जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से तेज गेंदबाज़ साहिल ने सटीक गेंदबाजी करते हुए मात्र 17 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए, जबकि कप्तान सदान आलम ने 20 रन देकर तीन विकेट तथा धीरेंद्र यादव ने 21 रन देकर दो सफलता प्राप्त की। जीत के लिए निर्धारित 29 ओवर में 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की टीम 25.3 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 134 रन ही बना पाई और 26 रनों से मैच गंवा बैठी। 

इस टीम की ओर से मो० अमजद ने चार चौकों एवं चार छक्कों की सहायता से मात्र तेरह गेंदों पर ताबड़तोड़ 43 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में धृति मैती ने 31, धीरेंद्र यादव ने 22 तथा कप्तान सदान आलम ने 13 रन बनाए। नेशनल क्रिकेट क्लब जामदा की ओर से सुरज कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 19 रन देकर पाँच बल्लेबाजों को चलता किया। वामहस्त स्पिनर यशस्वी गौतम एवं मुस्तफा अंसारी ने दो -दो विकेट हासिल किए, जबकि आयुश आर्या को एक सफलता हाथ लगी। शुक्रवार को जिला क्रिकेट लीग के तीसरे मुकाबले में लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर का मुकाबला राइवल क्रिकेट क्लव गुवा से होगा।

No comments:

Post a Comment