Jamshedpur (Nagendra) । मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त, कृष्ण कुमार प्रातः 10 बजे मिलने का समय देकर स्वयं कार्यालय से गायब रहे। इस बारे में विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने जानकारी देने हुए बताया कि उनके नेतृत्व में जनसुविधा प्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज प्रातः 10 बजे मानगो नगर निगम के कार्यालय में उप नगर आयुक्त से मिलने पहुँचा था। उप नगर आयुक्त से मिलकर मानगो नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत साफ-सफाई, फोगिंग, पेयजल आदि जनहित के विभिन्न समस्याओं को दुरुस्त करने के लिए एक माँग पत्र सौंपना था। इस बारे में पहले से ही उप नगर आयुक्त से मिलने का समय निर्धारित कर लिया गया था।
उन्होंने स्वयं ही प्रातः 10 बजे मिलने के लिए बुलाया था। जनसुविधा प्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल तय समय पर मानगो नगर निगम कार्यालय पहुँच गया परंतु घंटों इंतजार के बाद भी उप नगर आयुक्त कार्यालय नहीं पहुँचे। उनसे दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया। यदि उनके पास मानगो क्षेत्र की जनता के कार्यों से भी अधिक आवश्यक कार्य आ गया होता तो उन्हें सूचित कर देना चाहिए था या कम से कम फोन रिसिव कर लेना चाहिए था। विधायक जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने बताया कि मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त के इस कृत से सभी प्रतिनिधि काफी अपमानित महसूस कर रहे हैं।
घंटों इंतजार के बाद भी उप नगर आयुक्त के नहीं आने पर प्रतिनिधिमंडल ने अपनी माँग पत्र को मानगो नगर निगम कार्यालय के दीवार पर चिपका दिया और लगभग 1 घंटा तक कार्यालय के बाहर धरना पर बैठकर आक्रोश व्यक्त किया। उसके उपरांत भी जब उप नगर आयुक्त नहीं आए तो प्रतिनिधिमंडल ने तय किया मानगो की समस्याओं को लेकर आगामी 10 मार्च को सोमवार के दिन मानगो क्षेत्र के नागरिकों के साथ मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने धरना पर बैठा जाएगा। जनसुविधा प्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल में मानगो नगर निगम के जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पु सिंह, स्वास्थ्य सेवा के प्रतिनिधि नीरज सिंह, उलीडीह मंडल के प्रतिनिधि संतोष भगत और मानगो नगर निगम के प्रतिनिधि पिंटु सिंह शामिल थे।
No comments:
Post a Comment