Upgrade Jharkhand News. सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो ने ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार, रांची को पत्र भेजकर गम्हरिया प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत पड़े अधूरे कार्य से अवगत कराते हुए संवेदकों की लापरवाही पर कठोर कार्रवाई करने की मांग किया है। पत्र में बताया गया है कि सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक योजना के तहत स्वीकृत एवं आवंटित कई महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क परियोजनाएँ निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद लंबे समय से अधूरी पड़ी हुई हैं। इन परियोजनाओं के अधूरे रहने के कारण ग्रामीण जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और योजना की साख पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।
बताया है कि जिले के उकारी से पलाशडीह, सिंदरी, भालुका पहाड़ी होते हुए शोभापुर तक, रंगामाटिया से नारायणपुर होते हुए घाघी तक और बांधडीह चौक से टेटोपोसी, गुरा होते हुए रंगामाटिया तक की सड़कों का निर्माण कार्य निर्धारित संविदा अवधि में पूर्ण होना था, किंतु कार्यकाल समाप्त हुए 18 माह से अधिक का समय बीत चुका है। इसके बावजूद आज तक न तो संवेदक ने कोई एक्सटेंशन ऑफ टाइम लिया है और ना ही विभागीय स्तर से कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई की गई है। कार्य अधूरा रहने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या बनी हुई है। विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बाजार एवं आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने में ग्रामीण जनता को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क निर्माण अधूरा रहने से वर्षा ऋतु में कच्चे हिस्से की हालत खराब हो चुकी है. जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ी हुई है। संवेदक की लापरवाही के कारण योजना की मंशा एवं सरकारी धन का सही उपयोग भी नहीं हो रहा है। विभागीय स्तर पर केवल समय अवधि पार होने पर 10% कटौती तक ही कार्रवाई सीमित है, जो अपर्याप्त है। यही वजह है कि संवेदक मनमाने ढंग से कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने उपरोक्त मामले की जांच कर संवेदक पर कार्रवाई करने की मांग किया है।

No comments:
Post a Comment