Jamshedpur (Nagendra) झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां वो पिछले 10 दिन से लापता उद्यमी पुत्र के परिजनों से मिले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में अपहरण का दौर चल रहा है और अपराधी बेलगाम हैं। प्रदेश में लॉ एंड आर्डर पूरी तरह फेल है, इस मामले को लेकर वे गृह मंत्री से मिलेंगे। वहीं मधुपुर हिंसा के मामले में कहा कि धार्मिक स्थल हर हाल में वहीं बनेगा। झारखंड भाजपा की कमान संभालने के बाद आदित्य साहू पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। जमशेदपुर के साकची स्थित जिला पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू जमशेदपुर के उद्यमी देवांग गांधी के आवास पहुंचे और उनसे उनके लापता पुत्र कैरव गांधी के संदर्भ मे जानकारी ली। बता दें कि कैरव गांधी पिछले दस दिन से लापता है, जिसे ढूंढने में पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कई बातें कही। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नई जिम्मेदारी दी है, संगठन को साथ लेकर आगे काम करना है। जमशेदपुर और राज्य भर में हो रही आपराधिक घटना और अपहरण मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। साल 2019 से राज्य की स्थिति बदतर होती जा रही है। आम जनता सुरक्षित नहीं है। राज्य में अपहरण का दौर चल रहा है और प्रशासन सुस्त है। उन्होंने कहा कि झारखंड की ध्वस्त होती कानून व्यवस्था और अपहरण के बढ़ते मामले को लेकर वे केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेंगे।
वहीं प्रदेश में निकाय चुनाव पर कहा कि झारखंड सरकार पार्टी के सिंबल के आधार पर चुनाव नहीं कराना चाहती है, क्योंकि उन्हें डर है कि कहीं जनता उन्हें नकार ना दे, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इसका जवाब देगी, निकाय का चुनाव कार्यकर्ता लड़ेंगे। चाईबासा में नक्सलियों के मारे जाने पर कहा कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि 2026 मार्च तक नक्सल मुक्त भारत बनेगा ये उसी का यह परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष ने मधुपुर में दो पक्ष के बीच हुए विवाद पर साफ तौर कहा कि धार्मिक स्थल हर हाल में वहीं रहेगा और वहीं बनेगा।

No comments:
Post a Comment