Guwa (Sandeep Gupta) बड़ाजामदा स्थित रेखा गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने का आरोप सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा कोड नंबर का सही तरीके से सत्यापन किए बिना ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। आरोप है कि अंदाजे से सुरक्षा कोड बताकर एजेंसी की दुकान से सिलेंडर की सप्लाई कर दी जाती है। बताया जा रहा है कि बड़ाजामदा पेट्रोल पंप के समीप स्थित रेखा गैस एजेंसी के दुकान से ही सीधे गैस सिलेंडर की बिक्री की जा रही है, जो सुरक्षा नियमों के विपरीत माना जा रहा है। आबादी वाले बाजार क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर रखकर सप्लाई करना भी गंभीर सुरक्षा खतरा बताया जा रहा है।
इस मामले में जब चाईबासा के उपायुक्त चंदन कुमार से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि रेखा गैस एजेंसी द्वारा बड़ाजामदा और नोवामुंडी क्षेत्र में अवैध कालाबाजारी की शिकायत पहले भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि आबादी वाले क्षेत्र में सिलेंडर रखकर अवैध तरीके से सप्लाई की जा रही है तो यह पूरी तरह गैरकानूनी है। प्रशासन इस मामले की जांच करेगा और दोषी पाए जाने पर एजेंसी की मान्यता समाप्त की जा सकती है। वहीं नोवामुंडी भाग-एक की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी ने भी एजेंसी मालिक मुकेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए गैस की कालाबाजारी खुलेआम की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर रेखा गैस एजेंसी का लाइसेंस रद्द किया जाए।

No comments:
Post a Comment