Jamshedpur (Nagendra) बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा. जोहार ट्रस्ट की ओर से आयोजित 'राष्ट्रीय मागे पोरोब व जोहार नाइट' में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की समृद्ध जनजातीय संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली. इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में लोग अपनी परंपराओं का जश्न मनाने जुटे.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक मागे नृत्य प्रतियोगिता रही. कड़े मुकाबले के बीच आदिवासी कला संस्कृति भवन, सोनुवा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की. प्रतियोगिता में पुदगाल, चाईबासा को द्वितीय और हो ट्रेडिशनल डांस ग्रुप, हरिगुटू (चाईबासा) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ. पश्चिम बंगाल से आई हो दिशावली डेबरा टीम ने भी अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया. मागे नृत्य के पश्चात आयोजित 'जोहार नाइट' ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए. हो, मुंडारी, नागपुरी और संथाली फिल्म जगत के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया. डांस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में देश भर से आए टॉप-15 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई. इसका निर्णय प्रसिद्ध टीवी शो 'डांस प्लस-6' की विजेता स्नेहा चक्रवर्ती ने किया और विजेताओं को पुरस्कृत किया.
इस सांस्कृतिक महाकुंभ में राज्य के तीन पूर्व मुख्यमंत्रियो सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए. कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी संस्कृति ही हमारी असली पहचान है और इसे बचाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने इस आयोजन को सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम बताया. जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भी इस कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा किया और इसे झारखंड संस्कृति की एक अलग पहचान बताई । कार्यक्रम में सांसद बिद्युत बरन महतो, विधायक सरयू राय और गीता कोड़ा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया.
हजारों की भीड़ को नियंत्रित करने और कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जोहार ट्रस्ट की टीम का विशेष योगदान रहा. ट्रस्ट के अध्यक्ष पिंटु चाकिया, मंगल केराई और दुर्गा चरण बारी सहित पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में दिन-रात एक कर दिया. देर रात तक चले इस कार्यक्रम ने जमशेदपुर को जनजातीय गौरव के रंग में सराबोर रखा .

No comments:
Post a Comment