Jamshedpur (Nagendra) पुलिस ने सोनारी थानांतर्गत ग्वाला बस्ती से तड़ी पार कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन की हुई गिरफ्तारी को लेकर खुलासा करते हुए पूरे मामले को स्पष्ट किया है. पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पत्रकारों को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सोनारी पुलिस को मंगलवार की रात 10 बजे के करीब गुप्त सूचना मिली कि ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधकर्मी एकत्र हो रहे हैं, जो किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. यह भी सूचना मिली कि यदि तुरंत कार्रवाई की गई तो शहर में किसी आपराधिक वारदात को रोका जा सकता है.
सोनारी पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना देते हुए इस संबंध में सनहा दर्ज किया.सूचना मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देर रात सोनारी ग्वाला बस्ती में छापामारी की. लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व वहां एकत्र अपराधकर्मी वहां से निकल चुके थे. हालांकि पुलिस ने सुनील सिंह के घर की तलाशी ली तो कुख्यात तड़ीपार अपराधकर्मी एवं सुनील सिंह की बेटी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन वहां मौजूद पाई गई . बताते चलें कि प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन कई आपराधिक मामलों की आरोपपत्रित एवं उपायुक्त के द्वारा तड़ीपार घोषित है. पूछताछ करने पर प्रिया सिंह ने जिला प्रशासन से कोई पूर्वानुमति पत्र नहीं दिखा पाई.
उसने स्वीकार किया कि तड़ीपार होने के बावजूद वह चोरी-छिपे सोनारी स्थित अपने पिता के घर में ही छिप कर रह रही थी. लेकिन इस प्रकार सीसीए के तहत जिला निष्कासन (तड़ीपार) आदेश की प्रभावी अवधि में बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में रहना संज्ञेय एवं दंडनीय अपराध होने के मद्देनजर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया एवं उसके खिलाफ निष्कासन आदेश के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया गया. प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन के खिलाफ सोनारी थाना में कम से कम दस आपराधिक मामले दर्ज हैं.

No comments:
Post a Comment