- संत जोसेफ स्कूल चारबंदिया में अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन, बाल अधिकार और मानव तस्करी पर अभिभावकों को किया गया जागरूक
Upgrade Jharkhand News. आनंदपुर प्रखंड के चारबंदिया स्थित संत जोसेफ स्कूल में समेकित जन विकास केंद्र के तत्वावधान में एक दिवसीय अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक जगत माझी उपस्थित हुए। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विधायक एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को उनके बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र में व्याप्त मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्याओं पर लगाम लगाना था।
बाल संरक्षण इकाई के डॉ. कृष्णा तिवारी ने विस्तार से बाल अधिकारों की जानकारी दी और बताया कि किस तरह जागरूकता के अभाव में बच्चे शोषण का शिकार हो जाते हैं। अभिभावकों को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने शिक्षा और सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा आज के समय में केवल स्कूल भेजना ही काफी नहीं है, बल्कि एक अभिभावक के रूप में आपको यह भी जानना होगा कि आपका बच्चा समाज में कितना सुरक्षित है। मानव तस्करी हमारे क्षेत्र के लिए एक अभिशाप है, जिसे केवल कानून नहीं बल्कि आपकी सतर्कता ही मिटा सकती है।
यदि कोई बाहरी व्यक्ति बच्चों को प्रलोभन देकर बाहर ले जाने की कोशिश करे, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है और समेकित जन विकास केंद्र जैसी संस्थाएं समाज को नई दिशा देने का काम कर रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को बीच में ही स्कूल से न निकालें, क्योंकि शिक्षा ही गरीबी और शोषण से लड़ने का एकमात्र हथियार है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में फादर वीरेंद्र टेटे, फादर जेम्स सुरीन, डॉ. कृष्णा तिवारी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिल्बीरयुस तिर्की, संजीव गंताइत, राजू सिंह समेत काफी संख्या में अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।




No comments:
Post a Comment