Guwa (Sandeep Gupta) पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया। घटनास्थल से शव के साथ हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल मारे गए नक्सली की पहचान की जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा का दस्ता रुटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास सक्रिय है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर दो दिनों से सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रखा था।
बुधवार को सर्च अभियान के दौरान जंगल में छिपे माओवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक माओवादी मारा गया। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। जंगल में गहन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस अभियान में और भी बड़ी सफलता मिल सकती है। साथ ही एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा की तलाश तेज कर दी गई है।
No comments:
Post a Comment