Upgrade Jharkhand News. छात्रों द्वारा गेट के समक्ष किए गए प्रदर्शन के बाद किसी भी प्रदर्शनकारी छात्रों को संस्थान द्वारा निलंबित नहीं किया गया है। पूर्व की भांति सभी कक्षाएं प्रारंभ हो गई है और सभी छात्र-छात्राएं अपनी कक्षा में नियमित रूप से उपस्थित हो रहे हैं। उपरोक्त बातें इंडो डेनिस टूल रूम के महाप्रबंधक रविन्द्र कुमार ने एक वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि संस्थान में प्लेसमेंट गतिविधि सुचारू रूप से चल रही है। प्रबंधन ने छात्रों के प्लेसमेंट गतिविधि को और बेहतर बनाने के लिए एक कमेटी का गठन किया है जो विशेष रूप से प्लेसमेंट का कार्य करेगी ताकि यहां के छात्रों का चयन अच्छी कंपनियों में हो।
उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट प्रभारी सुमित कोली का पदस्थापन उच्चाधिकारियों द्वारा एक नियमित प्रक्रिया के तहत की गई है। महाप्रबंधक ने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान में स्थानांतरण के बाद भी पूर्व प्लेसमेंट प्रभारी सुमित कोली का यहां प्लेसमेंट गतिविधि में सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने इसमें एक निर्णय लिया है कि इस संस्थान के जो छात्र प्लेसमेंट में जाएंगे, उन्हें एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए दो प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है।

No comments:
Post a Comment