Jamshedpur (Nagendra) मिनी मुंबई के नाम से प्रसिद्ध टाटा नगर की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया अग्रवाल ने फेमिना मिस इंडिया झारखंड 2026 का खिताब जीतकर न केवल जमशेदपुर शहर बल्कि पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। श्रेया की इस उपलब्धि से पूरे लौहनगरी में खुशी और गर्व का माहौल है । श्रेया अग्रवाल , मानगो निवासी रमेश अग्रवाल एवं शीतल अग्रवाल की सुपुत्री है। इन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा KSMS स्कूल, जमशेदपुर से प्राप्त की तथा वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित रामजस कॉलेज से बी. कॉम की पढ़ाई कर रही है। श्रेया शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रही है और बोर्ड परीक्षा में 97% अंक प्राप्त कर जिला स्कॉलर रहीं। स्कूल के दौरान उन्हें ऑल-राउंडर अवॉर्ड भी मिला।
इसके साथ ही वह स्टेट लेवल बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी है , जो उनके अनुशासन और समर्पण को दर्शाता है। शिक्षा और खेल के साथ-साथ श्रेया भारतीय शास्त्रीय नृत्य भरतनाट्यम में प्रशिक्षित है और एक कुशल ड्रॉइंग आर्टिस्ट भी है । उनकी यह बहुआयामी प्रतिभाएं उनके व्यक्तित्व को और भी सशक्त बनाती है । श्रेया अग्रवाल का चयन अब पूरे भारत के टॉप 30 प्रतिभागियों में हो चुका है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। अब वह 18 अप्रैल को भुवनेश्वर में होने वाले ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी, जहां से 61वीं फेमिना मिस इंडिया का चयन किया जाएगा।
इस सफलता पर श्रेया अग्रवाल ने कहा कि "फेमिना मिस इंडिया केवल एक खिताब नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है - अपने संस्कार, अपनी जड़ों और हर उस लड़की का प्रतिनिधित्व करने की, जो बड़े सपने देखती हैं। झारखंडवासियों के लिए यह गर्व का क्षण है। सभी से अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में अपनी इस बेटी को समर्थन दें और उन्हें वोट कर प्रोत्साहित करें।


No comments:
Post a Comment