Guwa (Sandeep Gupta) गुवा थाना क्षेत्र के जाटा हाटिंग गांव में पूर्वी पंचायत मुखिया चांदमुनी लागूरी की अध्यक्षता में ग्रामीणों के साथ रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव के विकास, सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान ग्राम सुरक्षा समिति की समीक्षा की गई तथा समिति की नियमित रूप से प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही बच्चों की शिक्षा को लेकर अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बच्चों को समय पर स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में बाल तस्करी जैसे गंभीर मुद्दे पर भी विशेष चर्चा हुई।
ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया गया कि बच्चों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या समिति को दें। इसके अलावा स्वस्थ समाज, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में आपसी सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने सामाजिक एकता बनाए रखने और गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। मौके पर ग्राम सुरक्षा समिति जाटा हाटिंग के सचिव दीनबंधु भंज, बाल अधिकार सुरक्षा मंच प्रखंड सचिव पदमा केशरी, वार्ड सदस्य जानो चातर, जेंडर सीआरपी सह बाल अधिकार सुरक्षा मंच सदस्य गीता देवी, ममता देवी, कृष्णा गोप, पूनम, बुलबुल सहित अन्य महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment