Guwa (Sandeep Gupta) झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने शनिवार को गुवा रेलवे मार्केट स्थित अपने यूनियन कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सेल प्रबंधन को मुंडा-मानकी के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि राजनीति का खेल खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी मुंडा-मानकी संघ एकजुट होकर सेल प्रबंधन के साथ बैठक करें और अपनी जायज मांगों को मजबूती से रखें। रामा पांडे ने आरोप लगाया कि गुवा सेल प्रबंधन मुंडा-मानकी को दो भागों में बांटकर राजनीति करने का प्रयास कर रहा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों के बीच भ्रम और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने कहा कि सेल प्रबंधन को इस प्रकार का खेल बंद कर स्थानीय ग्रामीणों एवं मुंडा-मानकी की समस्याओं का समाधान वार्ता के माध्यम से करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मुंडा-मानकी की मांगें पूरी तरह जायज हैं और उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। रामा पांडे ने कहा कि झारखंड मजदूर संघर्ष संघ हमेशा से स्थानीय ग्रामीणों, विस्थापितों एवं मुंडा-मानकी के हितों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी उनकी जायज मांगों के समर्थन में संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कहा कि बातचीत और आपसी सहमति से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

No comments:
Post a Comment