- पश्चिमी सिंहभूम कराटे डू एसोसिएशन के तत्वावधान में कलर बेल्ट प्रशिक्षुओं को मिला प्रमाण पत्र और बेल्ट
- अतिथियों के सामने कराटे प्रशिक्षुओं ने दिखाए आत्मरक्षा के अद्भुत कौशल, विधायक ने थपथपाई पीठ
Upgrade Jharkhand News. झारखंड गोजू रियो कराटे डू एसोसिएशन की जिला इकाई पश्चिमी सिंहभूम कराटे डू एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को ग्रेडिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। भारत भवन स्थित पोड़ाहाट मिनी स्टेडियम के पोड़ाहाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन सभागार में आयोजित समारोह में कलर बेल्ट के प्रशिक्षुओं के बीच प्रमाण पत्र एवं बेल्ट ग्रेडिंग सेरेमनी संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी उपस्थित रहे। उनके आगमन पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी ने खेल और शिक्षा के आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा छात्र जीवन में पढ़ाई जितनी जरूरी है, खेल भी मानव जीवन और बौद्धिक विकास के लिए उतना ही आवश्यक है। खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि यह युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा की भावना जागृत करता है और जीवन को मर्यादित व अनुशासित बनाने की सीख देता है। विधायक ने कराटे के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कराटे केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का सबसे सशक्त माध्यम है।
विशेषकर आज के दौर में हमारी बेटियों और युवाओं के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखना बेहद जरूरी हो गया है। कहा कि कराटे से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने का मानसिक संबल और आत्मविश्वास भी मिलता है। अपने संबोधन के अंत में विधायक जगत माझी ने क्षेत्र के उभरते हुए खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मनोहरपुर और पूरे पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र में खेल और खिलाड़ियों के चहुंमुखी विकास को लेकर वे सदैव प्रतिबद्ध रहे हैं। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे हर संभव सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
दो दिवसीय शिविर में 130 कराटेकारों ने दिखाया दम, बेल्ट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे - झारखंड गोजू रियू कराटे डू एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सिहान गौस खान की देखरेख में 23 एवं 24 मई को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। इस कड़े प्रशिक्षण के पश्चात सेंसई एहसान अहमद और सेंसई सोमारी हेम्ब्रम ने सभी प्रशिक्षुओं की कड़ी परीक्षा (ग्रेडिंग टेस्ट) ली। समारोह के दौरान परीक्षा में सफल रहे सोनुवा, गोइलकेरा, राजनगर, और गुदड़ी आदि सुदूरवर्ती प्रखंडों के करीब 130 प्रशिक्षु कराटेकारों को मुख्य अतिथि विधायक जगत माझी एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा कलर बेल्ट और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बेल्ट पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान नन्हे कराटेकारों ने अतिथियों के समक्ष काता और आत्मरक्षा के हैरतअंगेज कौशल का प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने और बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल गोइलकेरा के प्रिंसिपल जेवियर प्रकाश तिर्की, समाजसेवी मनोज भगेरिया, फुटबाॅल कोच इकबाल खान, बॉक्सिंग कोच तबरेज हामिद, हैदर लारी, पार्षद प्रतिनिधि दानिश जेब, राजेश शर्मा, दीपक महतो, मोहम्मद जलाल, मोहम्मद कलीम, चुन्नू रहमान एवं अभिभावक मौजद रहे।





No comments:
Post a Comment