Jamshedpur (Nagendra) भाजपा के वरिष्ठ नेता, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास के जन्मदिन को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। रविवार को सुबह से ही एग्रिको स्थित आवासीय कार्यालय पर बधाई देने के लिए कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा। पूर्व सीएम रघुवर दास ने दिन की शुरुआत भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर एवं सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर झारखंड सहित जमशेदपुरवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना कर की। वहीं, उन्होंने अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ माँ के नाम' आह्वान पर सूर्य मंदिर परिसर में कल्पवृक्ष, सफेद चंदन, कर्पूर, श्री रुद्राक्ष, जायफल और अगरवुड के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। सूर्य मंदिर समिति के सदस्यों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री के संग आकर्षक केक कटिंग कर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने पुष्पगुच्छ, पौधा, पुस्तक व अंगवस्त्र भेंटकर पूर्व सीएम रघुवर दास के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना की। सोशल मीडिया पर भी पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के जन्मदिन की विशेष धूम रही। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।
वहीं, हजारों समर्थकों ने अपने प्रिय नेता के साथ फोटो साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई व शुभकामनाएं व्यक्त की। एग्रिको आवासीय कार्यालय पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, मोर्चा जिलाध्यक्ष, सामाजिक संगठन, कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोगों के संग बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता पूर्व सीएम रघुवर दास को जन्मदिन की शुभकामनाएं व्यक्त करने पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जन्मदिन पर सोशल मीडिया, फ़ोन कॉल एवं व्यक्तिगत रूप से जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रति आभार जताया। कहा कि लोगों के मिले प्रेम और आशीर्वाद से अभिभूत हूँ, कार्यकर्ताओं के प्यार और अपनत्व को हृदय से स्वीकार करता हूँ। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि लौहनगरी जमशेदपुर ने उन्हें काफी आशीर्वाद और प्यार दिया है। जमशेदपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के सेवा में सदैव तत्पर रहूंगा।


No comments:
Post a Comment