Jamshedpur (Nagendra) बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित के जन्मदिन के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर के साकची बाजार में दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा हैं। कार्यक्रम के प्रथम दिन गुरुवार शाम को आयोजन स्थल पर उत्सव (त्योहर) जैसा माहौल देखने को मिला। स्पर्श क्रिएटिव एकेडमी के बच्चों ने माधुरी दीक्षित के लोकप्रिय गीतों पर शानदार रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के आकर्षक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों को देर रात तक बांधे रखा।
इसके साथ ही इस्कॉन की टीम द्वारा हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना से हुई। पंडित संतोष कुमार त्रिपाठी ने पूजा संपन्न कराई, जबकि आयोजनकर्ता पप्पू सरदार यजमान के रूप में शामिल हुए।
पूजा के दौरान माधुरी की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की गयी। पूजा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में शहर के 50 से अधिक वरिष्ठ मीडियाकर्मियों को सम्मानित किया गया। रात करीब 11.30 बजे भव्य केक काटकर माधुरी दीक्षित का जन्मदिन त्योहर के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजन स्थल को पूजा पंडाल की तरह आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पहले दिन खासकर महिलाओं और युवतियों में सेल्फी लेने की होड़ देखने को मिली।
निःशुल्क चाट वितरण आजः- कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को करनडीह स्थित चेशायर होम में रहने वाले दिव्यांगजनों को भोजन कराया जाएगा तथा उन्हें उपहार देकर जन्मदिन की खुशियां साझा की जाएंगी। शाम में आम लोगों के बीच निःशुल्क चाट वितरण किया जाएगा। साथ ही बच्चों के लिए निःशुल्क झूले की भी व्यवस्था की गई है। सड़क किनारे फुटपाथ पर झुला लगेगा। गौरतलब है कि शहर के पप्पू सरदार पिछले 29 वर्षों से लगातार माधुरी दीक्षित का जन्मदिन मनाते आ रहे हैं। उनकी इस अनोखी श्रद्धा और दीवानगी को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल चुकी है। इस आयोजन को सफल बनाने में हर वर्ष की तरह इस बार भी कई शुभचिंतकों का सहयोग प्राप्त हुआ।


.jpeg)
No comments:
Post a Comment