Jamshedpur (Nagendra) भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड विजय पर तीनों राज्यों की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, विकास की राजनीति और सुशासन के प्रति जनता के अटूट विश्वास की ऐतिहासिक जीत बताया। रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिले प्रचंड जनादेश को राज्य की जनता के लिए 'दूसरी आजादी' करार देते हुए कहा कि यह परिणाम सत्ता परिवर्तन के साथ दशकों से जारी भय, भ्रष्टाचार और कुशासन के विरुद्ध जनता के निर्णायक विद्रोह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लगभग 50 वर्षों तक वामपंथ और तृणमूल कांग्रेस के शासन में कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार, राजनीतिक हिंसा और महिला असुरक्षा का दंश झेला है। लंबे समय से भय और दमन के वातावरण में जी रही जनता ने इस बार निर्भीक होकर मतदान किया और लोकतंत्र के पक्ष में ऐतिहासिक निर्णय दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा ने विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति को जनता के बीच स्थापित किया। पश्चिम बंगाल की जनता ने इसी विश्वास पर मुहर लगाते हुए भाजपा को प्रचंड जनादेश दिया है। श्री दास ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह ऐतिहासिक विजय उन हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और बलिदान को समर्पित है, जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा और संगठन की मजबूती के लिए अपने प्राणों तक की आहुति दी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने असम और पुडुचेरी में भी भाजपा की शानदार जीत पर वहां की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन राज्यों के चुनाव परिणाम बताते हैं कि देश की जनता अब जाति, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति को नकारकर विकास, स्थिरता और राष्ट्रहित की राजनीति को स्वीकार कर रही है।

No comments:
Post a Comment