Guwa (Sandeep Gupta) गुवा रामनगर स्थित एसबीआई बैंक के पीछे आदिवासी क्लब परिसर में क्लब के सह सचिव मंगल बिरुवा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विश्व आदिवासी दिवस समारोह की तैयारियों पर चर्चा करना था। बैठक को संबोधित करते हुए मंगल बिरुवा ने कहा कि इस वर्ष भी विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भव्य, आकर्षक एवं धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। क्लब के संरक्षक प्रदीप सुरीन ने गुवा क्षेत्र के सभी गांवों के आदिवासी समुदाय के लोगों को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम से जोड़ने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
वहीं क्लब की कोषाध्यक्ष श्रीमती द्रोपदी हेस्सा ने कहा कि आपसी सहयोग, समन्वय और सामूहिक प्रयासों से ही कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया जा सकता है। बैठक में उपस्थित समाजसेवी एवं गणमान्य कपालेश्वर दोंगो ने समाज में जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर है।
बैठक में गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी सहित सुनीता समाड, माग्रेट सिरका, जानो चातर, विमला तिरिया, सुमित्रा चातर, कमला पुरती, धारासिंह चाम्पिया, डेबरा पुरती, बुधराम कन्डायबुरू, लंका पुरती एवं जगमोहन पुरती समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने विश्व आदिवासी दिवस को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment