Guwa (Sandeep Gupta) मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम 5 बजे किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की। बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि किरीबुरू की मस्जिदों में मोहर्रम के अवसर पर केवल नमाज अदा की जाती है तथा यहां ताजिया जुलूस निकालने की परंपरा नहीं है। प्रशासन ने इस परंपरा को ध्यान में रखते हुए सभी लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने से बचने का आग्रह किया।
साथ ही कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि मोहर्रम शांति, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। उन्होंने लोगों से किसी भी समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने की अपील की। बैठक में मुखिया पार्वती कीड़ो, रब्बे आलम, कनक मिश्रा, प्रतिमा सिंह, शानी हेस्सा, नेहा हेंब्रम तथा शमीम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


No comments:
Post a Comment