Guwa (Sandeep Gupta) किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग स्थित वायरलेस ढलान पर मंगलवार की शाम लगभग 7 बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घायल युवती का इलाज सेल, किरीबुरू अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। मृतक की पहचान आकाश बोबोंगा (पिता-स्वर्गीय बारिका बोबोंगा), निवासी बड़ानंदा, थाना जगन्नाथपुर के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में घायल युवती राधि लागुरी (21 वर्ष), पिता राम सिंह लागुरी, निवासी ऊईसिया, थाना जगन्नाथपुर बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आकाश और राधि मोटरसाइकिल से किरीबुरू घूमने आए थे और शाम को वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान वायरलेस ढलान के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि आकाश बोबोंगा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधि लागुरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की बहन बुधनी लागुरी ने बताया कि वे सभी लोग दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से किरीबुरू घूमने आए थे। वापस लौटते समय वायरलेस ढलान पर आकाश द्वारा चलायी जा रही बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उसी मार्ग से गुजर रहे एक कार चालक ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी कार से तत्काल सेल अस्पताल, किरीबुरू पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी कार चालक की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की है। घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार चालक दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचा चुका था। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सेल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एम. एस. दास ने बताया कि घायल युवती राधि लागुरी का उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। किरीबुरू थाना पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण मोटरसाइकिल का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटा रही है। यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर पहाड़ी एवं ढलान वाले मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

No comments:
Post a Comment