Guwa (Sandeep Gupta) डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में प्राचार्य प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए रैनी डे का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा द्वितीय (EEDP) तक के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे रेनकोट, आकर्षक छतरियाँ तथा मशरूम, वर्षा की बूंदें, मेंढक, बादल और मोर जैसे विभिन्न रूपों एवं चित्रों के साथ विद्यालय पहुँचे बच्चों ने पूरे परिसर को जीवंत और मनमोहक बना दिया। इस दौरान यूकेजी की छात्रा पृशा नायक मोरनी के आकर्षक वेश में सभी के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने वर्षा ऋतु पर आधारित गीत, कविताएँ, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिक्षकों ने बच्चों को वर्षा ऋतु के महत्व, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि रैनी डे जैसे गतिविधि-आधारित कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल-खेल में सीखने की यह प्रक्रिया बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करती है।
उन्होंने कहा कि डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को आनंददायक एवं अनुभवात्मक शिक्षण का वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास हो सके। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने वर्षा ऋतु से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय में उत्साह, उमंग और आनंद का माहौल बना रहा। इस अवसर पर वरीय शिक्षिका ज्योति सिन्हा, पूजा सिंह, अनिषा राय चौधरी, सोनी कुमारी, नीलम सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment