Guwa (Sandeep Gupta) आदिवासी हो समाज युवा महासभा के प्रतिनिधियों ने विधायक जगन्नाथपुर सह झारखंड सरकार के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु को विभिन्न जनहित एवं श्रमिक हितों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किरीबुरु एवं मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदानों में कार्यरत ठेका श्रमिकों की समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र के विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं। महासभा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में ठेका श्रमिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने, 10 वर्ष या उससे अधिक समय से कार्यरत श्रमिकों के स्थायीकरण की प्रक्रिया शुरू करने तथा खदानों द्वारा संचालित कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजनाओं में स्थानीय सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को वास्तविक लाभ मिलेगा।
इसके अलावा महासभा ने एक अलग मांग पत्र सौंपकर 'हो' भाषा को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने तथा आदिवासियों के लिए सरना धर्म कोड लागू करने की मांग दोहराई। संगठन का कहना है कि इन दोनों मांगों को लेकर लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन और जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक केंद्र सरकार की ओर से अपेक्षित पहल नहीं हुई है। महासभा ने विधायक सोनाराम सिंकु से आग्रह किया कि वे झारखंड सरकार तथा केंद्र सरकार के समक्ष इन मांगों को प्रभावी ढंग से उठाकर शीघ्र सकारात्मक पहल सुनिश्चित करें। इस दौरान मांग पत्र सौंपने वालों में गोपी लागुरी, माधव चन्द्र कोड़ा,सेरगेया अंगरिया, श्याम बिरुवा,शांतनु बिरुली, उम्बलेन हेस्सा सहित आदि उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment