- :प्रोजेक्ट जागृति के तहत आयोजित हुआ शिविर, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
Guwa (Sandeep Gupta) प्रोजेक्ट जागृति–‘बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम’ के तहत जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम तथा गुवा पश्चिमी एवं पूर्वी पंचायत के संयुक्त प्रयास से शनिवार को गुवा सेल क्लब में महा रक्तदान दिवस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सामाजिक सेवा की भावना का परिचय दिया। महा रक्तदान शिविर में कुल 101 लोगों ने अपना पंजीकरण कराया, जिसमें जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया के बाद 85 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं में युवाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक समूहों से जुड़े लोगों ने भी हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।
शिविर को सफल बनाने में गुवा सेल प्रबंधन एवं गुवा सेल अस्पताल की टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। गुवा सेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन, डॉ. भेंगरा सहित चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं जिला परिषद सदस्य, विभिन्न जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के सभी राशन डीलर एवं पीडीएस दुकानदार, राशन डीलर के एमओ, जेएसपीएल जेंडर से जुड़ी महिलाएं तथा विभिन्न महिला समूहों ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग बड़ाजामदा के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी प्रिंस पिंगुआ, चाईबासा सदर अस्पताल के सीएमओ एवं उनकी टीम ने रक्तदान प्रक्रिया को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान कई लोगों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करने की बात कही।



No comments:
Post a Comment