Guwa (Sandeep Gupta) रविवार देर शाम गुवा पान तांती समाज केंद्रीय कमेटी की बैठक शंकर दास की अध्यक्षता में गुवा स्थित बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 7 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श करना था। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे बैंक ऑफ इंडिया चौक (मोड़), गुवा से बिरसा मुंडा चौक तक भव्य प्रभात फेरी के साथ किया जाएगा। इसके बाद गुवा एसबीआई बैंक के पीछे स्थित क्लब परिसर में दोपहर 1:30 बजे तक राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का मुख्य कार्यक्रम गरिमामय एवं भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। केंद्रीय कमेटी ने अनुरोध किया कि सभी लोग सुबह 9:00 बजे से पूर्व बैंक ऑफ इंडिया चौक (मोड़), गुवा पहुँचकर प्रभात फेरी में भाग लें तथा पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, प्रभात फेरी की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सांस्कृतिक आयोजन एवं समाज के अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष शंकर दास, सचिव रवि चन्द्र पान, संरक्षक विश्वजीत तांती, सलाहकार गुरुचरण पान एवं रामचन्द्र दास, सक्रिय सदस्य विनय दास और तारूण कुमार पान, नगर सचिव उग्रसेन केशरी तथा सदस्य गोपाल पान एवं सागर दास सहित अन्य समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment