- आंदोलनकारी ग्रामीणों, ठेका कंपनी और प्रबंधन को एक टेबल पर बैठाने की मांग
Guwa (Sandeep Gupta) सेल गुवा की रांजाबुरु खदान में जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के बीच झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे ने विवाद के स्थायी समाधान की पहल की है। 27 अगस्त को उन्होंने गुवा के सीजीएम सी. वी. कुमार से मुलाकात कर मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की मांग की। रामा पाण्डे ने प्रस्ताव दिया कि आंदोलनकारी ग्रामीणों, मां सरला ठेका कंपनी के मालिक और सेल प्रबंधन को एक साथ बैठाकर वार्ता कराई जाए। उन्होंने कहा कि सभी पक्ष अपनी समस्याएं और मांगें सामने रखें, ताकि व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके। सीजीएम सी. वी. कुमार ने भी जल्द आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। रामा पाण्डे ने कहा कि लंबे समय तक टकराव किसी के हित में नहीं है।
आंदोलन से खदान का संचालन प्रभावित हो रहा है, ठेका कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और ग्रामीणों की समस्याएं भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार की मांग कर रहे प्रभावित ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सारंडा के ग्रामीण लंबे समय से सेल की विभिन्न प्रक्रियाओं में सहयोग करते आए हैं, इसलिए उन्हें सेल परिवार का अभिन्न अंग मानकर उनकी समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार होना चाहिए। साथ ही प्रबंधन और कंपनी की समस्याओं को भी वार्ता में शामिल किया जाए। रामा पाण्डे ने आरोप-प्रत्यारोप से बचने की अपील करते हुए कहा कि प्राथमिकता खदान संचालन सुचारु कराने, ग्रामीणों को न्याय दिलाने और भविष्य में विवाद की पुनरावृत्ति रोकने की होनी चाहिए।

No comments:
Post a Comment