Guwa (Sandeep Gupta) गुवा थाना क्षेत्र के गंगदा घाटी में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नुईया गांव निवासी गुरा चाम्पिया (18), पिता सोमनाथ चाम्पिया के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान जादू जामुदा (18) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार शाम रोवाम बाजार से बाइक पर सवार होकर गुवा की ओर लौट रहे थे। और दोनों युवक काफी शराब पी रखी थी और नशे की हालत में था। इसी दौरान गंगदा घाटी में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरा चाम्पिया के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जादू जामुदा घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घायल जादू ने बताया कि हादसे के बाद उसने सड़क से गुजरने वाले लोगों से मदद की गुहार लगाई और वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रात होने के कारण किसी ने रुककर उनकी सहायता नहीं की। इसके चलते दोनों युवक पूरी रात गंगदा घाटी में ही पड़े रहे। शुक्रवार सुबह हादसे की जानकारी प्रशासन को मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
दोनों युवकों को इलाज के लिए गुवा अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने गुरा चाम्पिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जादू जामुदा का तत्काल इलाज शुरू किया गया। गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment