Guwa (Sandeep Gupta) बच्चों को नशे की लत एवं अन्य गलत गतिविधियों से दूर रखकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बिरसानगर टू स्थित चौराहे पर ग्रामीणों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ठाकुरा गांव के मुंडा बुधराम चाम्पिया एवं समाजसेवी प्रशांत चाम्पिया व बबलू चाम्पिया ने की। बैठक में बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा गया कि वर्तमान समय में कम उम्र के कई बच्चे गलत संगत में पड़कर नशे की ओर बढ़ रहे हैं। इसका बच्चों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ सकता है और समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यही बच्चे आगे चलकर गलत रास्ते अपना सकते हैं। ग्रामीणों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और संगत पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही वह चाबी है, जो बच्चों के भविष्य के दरवाजे खोलकर उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों को भी स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाना होगा। तभी बच्चों को बेहतर वातावरण देकर नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है।
बैठक में नाबालिग बच्चों को गलत तरीके से बहला-फुसलाकर कहीं ले जाने के मामलों को लेकर भी चिंता जताई गई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी नाबालिग लड़की को गलत मंशा से ले जाते हुए पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल अभिभावकों एवं संबंधित प्रशासन को दी जानी चाहिए। बैठक में ग्रामीण स्तर पर ऐसे मामलों को रोकने के लिए सामाजिक रूप से निगरानी रखने की बात कही गई। ग्रामीणों ने आर्थिक दंड की व्यवस्था की बात भी कही, ताकि नाबालिग लड़के-लड़कियों को शादी या अन्य गलत मंशा से बहला-फुसलाकर ले जाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
बैठक में राजेश चाम्पिया, बिरसानगर निवासी ऋषि नायक, काटें साहू, मुरली नायक, अशोक महतो,राकेश रोशन चाम्पिया,बीजू चाम्पिया,श्याम चाम्पिया,गोपाल चाम्पिया,मंगल चाम्पिया,चंद्रमोहन केराइ,गोनू चाम्पिया,प्रदान चाम्पिया,जयराम चाम्पिया,बाटू चाम्पिया,डोंनका हाइबुरु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने बच्चों को नशे और गलत संगत से बचाने तथा उन्हें शिक्षा के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

No comments:
Post a Comment