Guwa (Sandeep Gupta) सारंडा क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश और हवाओं के बीच बुधवार दोपहर किरीबुरू हिलटॉप मुख्य सड़क मार्ग पर पुराना मैगजीन के समीप स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार मेघाहातुबुरु निवासी ठेका श्रमिक सह शॉपिंग सेंटर में पान दुकान संचालक अब्दुल बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। टक्कर के बाद अब्दुल को अंदरूनी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सेल अस्पताल किरीबुरू ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इधर, लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण सैडल गेट और किरीबुरू के बीच मुख्य सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। इससे दोनों ओर का आवागमन काफी देर तक बाधित रहा। स्थानीय लोगों और वन विभाग के सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। लगातार बारिश से सारंडा क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित है। किरीबुरू हिलटॉप, बिरसा चौक से केंद्रीय विद्यालय तथा टीआर गेट से वन विभाग कार्यालय होते हुए मेघालय गेस्ट हाउस तक जाने वाली सड़कों की स्थिति खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत और निर्माण कराने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment