Guwa (Sandeep Gupta) सेल गुवा अयस्क खदान के सीएमएलओ के सौजन्य से सृजन फाउंडेशन एवं सेल प्रबंधन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत डीसीए कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 45 छात्र-छात्राओं के बीच बुधवार को गुवा सेल क्लब में समारोह आयोजित कर प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गई।
इस दौरान छात्र-छात्राओं को बैग, डीसीए कंप्यूटर की पुस्तक, यूनिफॉर्म एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एचआर डी. सतपति, महाप्रबंधक एचआर प्रवीण कुमार सिंह, महाप्रबंधक प्रोजेक्ट आरके बंगा, सीएसआर डीजीएम अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन एवं सृजन फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं स्वागत गान के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं से कंप्यूटर से संबंधित प्रश्नोत्तरी की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि सृजन फाउंडेशन एवं सेल प्रबंधन के सीएसआर के तहत छात्र-छात्राओं को छह महीने का कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी तकनीकी दक्षता विकसित कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं तथा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
इस अवसर पर अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मौके पर सृजन फाउंडेशन की पूजा, स्वजन मन्ना, संजय कुमार, संजय दास, दीपक सिद्धू, राजलक्ष्मी दास, परिंदा समद सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment