Guwa (Sandeep Gupta) गुवा अयस्क खान में कार्यरत प्राइवेट ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन ने सेल गुवा प्रबंधन को पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर 10 दिनों के भीतर सकारात्मक पहल नहीं होने पर सभी ड्राइवर हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार द्वारा 5 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि गुवा माइंस में कार्यरत प्राइवेट ड्राइवर लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। पत्र में बताया गया कि नोटशीट के नाम पर पिछले करीब 12 वर्षों से महज 400 रुपये में वाहन चलाया जा रहा है।
यूनियन ने इसे समाप्त कर ड्राइवरों को उचित पारिश्रमिक देने की मांग की है। पत्र के माध्यम से टेंडर होने अथवा नहीं होने की स्थिति में ड्राइवरों को स्किल्ड श्रेणी के अनुसार भुगतान करने, रिटायरमेंट से संबंधित बकाया राशि का भुगतान करने तथा प्रत्येक ड्राइवर का पीएफ सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा ड्राइवरों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। यूनियन ने कहा है कि टेंडर प्रक्रिया समाप्त होने के बाद संबंधित कार्य को एक महीने के भीतर शुरू किया जाए तथा वर्क ऑर्डर के अनुसार ड्राइवरों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यूनियन का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर दो महीने पूर्व भी पत्र के माध्यम से प्रबंधन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
पत्र में प्रबंधन से संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश देकर मांगों का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि 10 दिनों के अंदर मांगें पूरी नहीं होने पर यूनियन से जुड़े सभी ड्राइवर हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। पत्र की प्रतिलिपि ईडी (वर्क्स) बोकारो, एचआर गुवा अयस्क खान, एएलसी चाईबासा, जीएम मोटर गैराज, एसडीएम जगन्नाथपुर, डीएसपी किरीबुरू, थाना प्रभारी गुवा तथा संबंधित ठेकेदारों को भेजी गई है।

No comments:
Post a Comment