यंग झारखण्ड को पराजित कर जेएससीए एकादश बना चैंपियन, JSCA XI became champion by defeating Young Jharkhand,
चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित गोल्डन जुबली आमंत्रण कप क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ की टीम ने यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब चाईबासा को एकतरफा मुका…
चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित गोल्डन जुबली आमंत्रण कप क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ की टीम ने यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में 121 रनों से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। अपने स्थापना काल के पचास वर्ष पूरे होने के अवसर पर फ्रेंडस क्लब चाईबासा द्वारा स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए स्वर्ण जयंती आमंत्रण कप क्रिकेट प्रतियोगिता के फाईनल मैच में टॉस यंग झारखण्ड के कप्तान हर्ष कुमार ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएससीए एकादश की टीम 18.5 ओवर में 179 रन बनाकर आल आउट हो गई। सबसे अच्छी बल्लेबाजी कप्तान अतुल सिंह सुरवर ने की जिसने पांच चौकों एवं चार छक्कों की मदद से मात्र 38 गेंदों पर 59 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में सत्येंद्र प्रजापति ने 29, विवेक कुमार ने 24, आदित्य नारायण ने 20 रन तथा रिषिकेश तिवारी ने 18 रन बनाए। यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब की ओर से रिशु सिंह चौहान ने 26 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि आशीष चौधरी ने 50 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
जीत के लिए निर्धारित बीस ओवर में 180 रनों का पीछा करने उतरी यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 12.1 ओवर में मात्र 58 रन ही बना सकी और 121 रन से फाईनल मैच गंवा बैठी। यंग झारखण्ड की ओर से अर्पित यादव ने 20 एवं राजीव रंजन ने 10 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। जे एस सी ए एकादश की ओर से रवि कुमार यादव ने तीन तथा युवराज कुमार शुभम कुमार सिंह एवं अमित कुमार यादव ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने विजेता टीम को ट्राफी के साथ 51000/- रुपये का नगद पुरस्कार तथा विशिष्ट अतिथि टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर तथा झारखण्ड रणजी टीम के कप्तान सौरभ तिवारी ने उपविजेता टीम को ट्राफी के साथ 31000/- रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फाईनल मैच के मैन आफ द मैच का पुरस्कार जेएससीए एकादश के अतुल सिंह सुरवर को तथा मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार यंग झारखण्ड के आशीष चौधरी को दिया गया। पूरे प्रतियोगिता में शानदार गेंदबाजी के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पुरस्कार यंग झारखंड के रिशु सिंह चौहान को तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी का पुरस्कार जेएससीए एकादश के रिषिकेश तिवारी को दिया गया। ये सभी पुरस्कार मुख्य अतिथि ने प्रदान की।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी अंपायरों एवं स्कोररों को आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने पुरस्कृत किया। फ्रेंडस क्लब चाईबासा के पचास बर्ष पूरे होने के अवसर पर क्लब के संस्थापक सदस्य एवं अपने समय के मशहूर क्रिकेटर श्री सुप्रियो फौजदार को मुख्य अतिथि ने विशेष रूप से सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में मंच संचालन राजर्षि फौजदार ने तथा धन्यवाद ज्ञापन आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा ने की।



टिप्पणियाँ