Default Image

Months format

Show More Text

Load More

Related Posts Widget

Article Navigation

Contact Us Form

Terhubung

NewsLite - Magazine & News Blogger Template

झामुमो के पास कोई नीति नहीं, सिर्फ जनता को धोखा दिया : गीता कोड़ा, JMM has no policy, only cheated the public: Geeta Koda


चाईबासा। झारखंड की सत्तारूढ़ झामुमो के पास कोई नीति नहीं है। उसने जनता को सिर्फ धोखा देने का काम किया। यह बातें सांसद व एनडीए की प्रत्याशी गीता कोड़ा ने कही। वे सोमवार को चाईबासा के खूटकट्टी मैदान में आयोजित भाजपा के सिंहभूम लोकसभा नामांकन कार्यक्रम करने के बाद  संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि झामुमो वालों ने जनहित में काम करने की बजाय उनको सिर्फ गर्त में ढकेलने का काम किया।




नतीजा बेरोजगारी, भुखमरी, पलायन, भ्रष्टाचार की समस्या और गंभीर हो गयी। श्रीमती कोड़ा ने कहा कि सत्तारूढ़ झामुमो वाले केवल केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को रोकने में लगे रहे। अपना कोई काम नहीं किया जो दिखे। क्योंकि उनकी सोच विकास की बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा कि गांवों में करीब 35 हजार बच्चे स्कूल से ड्रॉपआउट हैं। फिर भी झारखंड सरकार की नींद नहीं खुल रही है। रोजगार नहीं है। गांवों से पलायन जारी है। गांव के गांव खाली हैं। वे मोदी से दस साल का हिसाब मांग रहे हैं। लेकिन अपना हिसाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को डराया धमकाया जा रहा है, लेकिन भाजपा के ये सिपाही डरनेवाले नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस सरकार को उखाड़ फेंकें। झामुमो-कांग्रेस गठबंधन वाली इस दमनकारी सरकार को उखाड़ फेंके। श्रीमती कोड़ा ने इसके पूर्व भाषण की शुरूआत में अबकी बार 400 पार तथा भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे भी लगाये।


इस बार झारखंड की सभी 14 में 14 लोकसभा सीट जीतकर मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है :बाबूलाल मरांडी प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एनडीए ने पिछली लोकसभा चुनाव में झारखंड में 14 में से 12 सीटें जीती थीं। इसबार सभी 14 सीटें जीतेंगे। ताकि केंद्र में तीसरी बार भी नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछल दस वर्षों में जो कार्य किये उसी के आधार पर वोट मांग रहे हैं। मोदी कहते हैं सबका साथ सबका विकास। इसलिये पिछले दस वर्षों में मोदी ने जितने काम किये उतने काम किसी भी अन्य सरकार में नहीं हुए। भाजपा जो बोलती है वह करती है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड राज्य भाजपा की देन है। अलग राज्य की लड़ाई तो देश की आजादी के बाद से ही शुरू हो गयी थी। लेकिन सत्तारूढ़ कांग्रेस राज्य देने के बजाय जनता को घुमाते रहे, लेकिन भाजपा सरकार केंद्र में आते ही वर्ष 2000  में झारखंड राज्य बनाकर दे दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में गांवों सड़कें नहीं थीं। 


बरसात में समस्या और बढ़ जाती थी, लेकिन आज केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद गांव गांव में सड़कें बनीं। आना जाना सुविधाजनक हुआ। उन्होंने कहा कि झामुमो व कांग्रेस दोनों भ्रष्टाचार के सहोदर भाई हैं। कांग्रेस के साठ सालों के राज में गांवों में बिजली नहीं पहुंची, लेकिन मोदी के सत्ता संभालने के बाद यह काम भी उन्होंने कर दिया। अब लोग ढिबरी व केरोसिन तेल को लोग भूल ही गये। कोरोनाकाल में जब सारा काम ठप था तब मोदी ने गरीबों को बैठे बिठाये फ्री चावल दिया जो अब भी जारी है। 


आगे भी जारी रहेगा। करोड़ों लाभुको को पीएम आवास मिला। अगली बार इससे अधिक आवास दिया जायेगा। गृहणियों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलिंडर व चूल्हे मोदी ने दिये। आयुष्मान कार्ड से गरीबों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज की व्यवस्था भी उनकी ही देन है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भाजपा भारत को विकसित राष्ट्र बनायेंगी। विपक्षी दल के लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि हेमंत सोरेन को जेल में भाजपा ने डाला है। जबकि यह सरासर झूठ है। केंद्रीय जांच एजेंसिया निष्पक्ष तथा स्वतंत्र होती है। 


वे कानून के हिसाब से काम करती है। कोई गलत करेगा तो कानून अपना काम करेगा ही। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने बालू घाटों का ऑक्शन नहीं कर ऊसकी चोरी की। बालू का अवैध खनन कर बिहार, बंगाल, यूपी में बेच दिया। और जब पीएम आवास के लाभुक बालू उठाते हैं तो उसे जेल में डाल दिया जाता है। राजमहल में सरकार के ईशारे पर अवैध उत्खनन होता रहा। ऐसे हेमंत जेल नहीं तो कहां जायेंगे। कोयला का भी अवैध उत्खनन हो रहा है। इतना ही नहीं, अपने लोगों को लाभ देने के लिये सेना की जमीन तक फर्जीवाड़ा करके बेच दिया गया। प्रतियोगिता परीक्षा में पेपर लीक कर बेरोजगारों से मजाक हो रहा है। 


उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा संविधान बदलने का आरोप गलत है। जबकि सच तो ये है कि इंदिरा गांधी ने आपातकाल में इस संविधान का उल्लंघन किया था। अपने शासनकाल में कांग्रेस ने अस्सी बार संविधान में बदलाव किया था। भाजपा संविधान को नहीं बदलेगी, क्योंकि भाजपा इसे धर्मग्रंथ के समान मानती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी जमीन लूटने की बात भी बेबुनियाद है। उल्टे सोरेन परिवार ने पूरे झारखंड में आदिवासियों की ही जमीन लूटी है। जहां तक विस्थापन की बात है तो ये भी कांग्रेस के ही राज में हुआ है। उन्होंने 13 मई को भाजपा के पक्ष में वोट करें। पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप निराधार और झूठा है। यह कानून का मामला है। अपनी असफलता को छुपाने के लिये झामुमो भाजपा पर दोष मढ़ रही है।


रमेश हांसदा ने कहा कि मोहनपुर में एक हो समाज की महिला प्रत्याशी को हथियारबंद झामुमो वालों द्वारा बंधक बनाना और मारपीट करना निंदनीय है। लोकतंत्र में चुनावी प्रचार का अधिकार सबको है। सांसद गीता कोड़ा के कार्यकाल में बहुत सारे काम हुए हैं। झामुमो वालों के पास मुद्दे नहीं हैं। इसलिये वे भाजपा प्रत्याशी के साथ मारपीट व बंधक बनाने का शर्मनाक काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन ने पिछले तीस सालों से केवल जनता को दारू-मीट का ही काम किया है। 





इसके अलावे सभा को भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष आरती कुजूर, पूर्व विधायक बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, पूर्व विधायक शशिभूषण सामड, गणेश महाली, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, रमेश हांसदा, रामानुज शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक गुरूचरण नायक, ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह, विनोद श्रीवास्तव, गीता बालमुचू, संजू पांडे, नीला नाग, प्रदीप वर्मा, विश्राम मुंडा, रामलाल मुंडा, भूषण पाट पिंगुवा समेत बड़ी संख्या में सिंहभूम लोकसभा सीट के सारे विधानसभा क्षेत्रों के नेता व कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे।


नामांकन के पूर्व गितिलपी देशाऊली में परांपरागत हो रीति रिवाज से पूजा कर मांगी क्षेत्र की खुशहाली का वरदान : एनडीए प्रत्याशी गीता कोड़ा ने नामांकन पर्चा दाखिल करने के पहले सोमवार को गितिलपी गांव स्थित हो समाज के पवित्र स्थल देशाऊली में परंपरागत रीति रिवाज से पूजा कर सुख-समृद्धि समेत चुनाव में जीत की दुआ मांगी। इसके बाद तांबो स्थित खूंटकट्टी मैदान में आयोजित भाजपा के लोकसभा नामांकन पत्र दाखिल करने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया।देशाऊली में जाने के पहले गीता कोड़ा एवं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा व अन्य समर्थकों के साथ गितिलपी पहुंचे। 


वहां से ढोल नगाढ़ों की धुन पर उनको देशाऊली तक ले जाया गया। देशाऊली दर्शन के बाद वह गाँधी मैदान से निकलने वाली नामांकन जुलूस में शामिल हुई और नामांकन कार्यक्रम में पहुंची। इसके बाद उन्होंने जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त कार्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल किया। देशाऊली दर्शन के दौरान उनके साथ उनके पीए गणेश कोड़ाह, सुरेंद्र पुरती,  इलाकाई मानकी ललित सावैयां, सोना सावैयां, सुनील सावैयां, रंजन मुंदुईया समेत अन्य लोग मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

GET THE FASTEST NEWS AROUND YOU

-ADVERTISEMENT-

NewsLite - Magazine & News Blogger Template