Jamshedpur (Nagendra) । पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। ग्रामीण पुलिस ने फर्जी कंपनी का भंडाफोड़ करते हुए 179 युवक-युवतियों को बंधक बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। इस मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोविंदपुर का रोमेन्ट कुमार , डोमचाच का मोहन कुमार राणा, वैशाली का शिवम कुमार सिंह और कुलदीप सिंह शामिल हैं। वहीं मुख्य सरगना गया का राजू यादव और बिहार के सुनिल यादव, राहुल रंजन, अनिल, रवि चौहान सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जानकारी के अनुसार घाटशिला थाना क्षेत्र में MS रिया इंटरप्राइजेज नामक फर्जी कंपनी बेरोजगार युवाओं से नौकरी का झांसा देकर 25 हजार रुपये वसूलती थी। युवकों को अन्य लोगों को नेटवर्क में जोड़ने के लिए दबाव बनाया जाता था। ऐसा न करने पर युवकों के साथ मारपीट की जाती थी और उन्हें घर जाने नहीं दिया जाता था।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर एसडीपीओ घाटशिला के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी की गई। इस दौरान मउभंडार ओपी क्षेत्र में फर्जी कंपनी कार्यालय में कार्यरत तीन युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया वहीं एक अन्य आरोपी को बेरोजगार युवाओं के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुल 179 युवक-युवतियों को चिन्हित कर उन्हें बंधक बनाए जाने की पुष्टि हुई। उन्हें उनके घरों तक महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा भेजा जाएगा। एमएस रिया इंटरप्राइजेज की संपत्ति सीज कर दी गई है और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी जारी रखे हुए है।

No comments:
Post a Comment