Guwa (Sandeep Gupta) शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन शुक्रवार को श्रद्धालु महिलाओं ने विधि-विधान के साथ मां स्कंद माता की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही महिलाओं ने स्नान कर व्रत रखते हुए मां की आराधना शुरू की। वही गुवा से मनोहरपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित वन देवी मंदिर और गुवा राम नगर पूजा पंडाल में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। विशेष सजावट और देवी की आरती के बीच वातावरण भक्तिमय हो उठा। मां स्कंद माता की पूजा में दुर्गा सप्तशती का पाठ, भजन-कीर्तन और देवी गीतों का आयोजन किया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और संतान की लंबी उम्र के लिए मां से आशीर्वाद मांगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां स्कंद माता भगवान कार्तिकेय को गोद में लेकर विराजमान रहती हैं।
इस कारण उनकी उपासना करने से भक्तों को संतान सुख, यश और आरोग्य की प्राप्ति होती है। दिनभर श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर मां की आरती उतारी और मंत्रोच्चारण के बीच हवन में आहुतियां दीं। जगह-जगह सामूहिक भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे दिन मंदिरों और पंडालों में भक्तों की आवाजाही बनी रही। जगह-जगह गूंजते माता के जयकारों से वातावरण आलोकित और ऊर्जा से परिपूर्ण दिखा। श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि मां स्कंद माता की कृपा से उनके परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होगा।
No comments:
Post a Comment