Guwa (Sandeep Gupta) 26वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के निर्देशानुसार एफ/26वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भनगांव, करमपदा (किरीबुरु) में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन डॉक्टर ऋषभ शेखर, अरविन्द कुमार रजक (सहायक कमाण्डेन्ट) एवं मो. खान काठात (निरीक्षक/जीडी) के मार्गदर्शन में किया गया। निःशुल्क चिकित्सा शिविर की चिकित्सा सहायता टीम का नेतृत्व डॉ. ऋषभ शेखर (वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी), 26वीं वाहिनी ने किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्राम भनगांव, करमपदा क्षेत्र के स्थानीय निवासियों, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई, चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रसाद एवं सहायक उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद भी उपस्थित रहे। वहीं मो. खान काठात (निरीक्षक/जीडी) ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नक्सलियों एवं आपराधिक तत्वों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं जिला पुलिस क्षेत्र की जनता की सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर हैं। निःशुल्क चिकित्सा शिविर को लेकर ग्रामीणों में संतोष एवं उत्साह देखा गया तथा लोगों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए सीआरपीएफ का आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment