Guwa (Sandeep Gupta) 26वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के निर्देशानुसार एफ/26वीं वाहिनी सीआरपीएफ कादोडीह, करमपदा (किरिबुरु) में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व मो. खान काठात (निरीक्षक/जीडी) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के साथ विश्वास और सहयोग को मजबूत करना तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के तहत ग्राम कादोडीह एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों के बीच कंबल, खेती के लिए बीज, बच्चों के लिए खेल सामग्री, स्कूल बैग, पेन, पेंसिल, छाता, ड्रम तथा महिलाओं के लिए रसोई के बर्तन सहित दैनिक उपयोग की कई आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।
इससे ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। इस अवसर पर निरीक्षक राजेन्द्र पाल, उपनिरीक्षक हरिंदर तनवर एवं सहायक उपनिरीक्षक द्वारिका प्रसाद भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। निरीक्षक मो. खान काठात ने अपने संबोधन में ग्रामीणों से नक्सलियों और आपराधिक तत्वों के बहकावे में नहीं आने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं जिला पुलिस क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भी सुरक्षा बलों के साथ सहयोग करने की अपील की। ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में विश्वास और शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

No comments:
Post a Comment