Guwa (Sandeep Gupta) 26 बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के दिशा-निर्देश में ए/26 बटालियन द्वारा झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सारंडा वन क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित गांव थलकोबाद में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कम्पनी कमाण्डर निरीक्षक/जीडी अमरेश सिंह ने किया। इस अवसर पर सुदूरवर्ती एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच जनकल्याणकारी सामग्री का वितरण किया गया। ठंड से बचाव के लिए कंबल, रात में रोशनी हेतु सोलर लालटेन, छाता, घरेलू उपयोग के लिए पतीला (डेगचा) तथा आवास निर्माण के लिए टीन शीट वितरित की गई।
वहीं कृषि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मक्का, करेला, उड़द, हरी सेम और टमाटर के बीज उपलब्ध कराए गए। खेल-कूद को बढ़ावा देने के लिए गांव के युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल नेट, वॉलीबॉल नेट के साथ क्रिकेट बैट और क्रिकेट बॉल भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उप निरीक्षक/जीडी यशवंत कुमार यादव, थलकोबाद गांव के मुंडा विकास तथा पुलिस प्रतिनिधि सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का की उपस्थिति रही।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी होती हैं, बल्कि सुरक्षा बलों और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।


No comments:
Post a Comment