Guwa (Sandeep Gupta) डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा में प्राचार्या माधवी पांडेय के कुशल मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत धर्म शिक्षक आशुतोष शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण से की गई। इसके पश्चात स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, कविता पाठ एवं विचार प्रस्तुति के माध्यम से स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन और युवाओं के प्रति उनके प्रेरणादायी संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्राचार्या माधवी पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का संचार करते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर विद्यार्थी न केवल अपने जीवन को सफल बना सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
शिक्षक इंचार्ज सह इतिहास के वरीय शिक्षक पीके आचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद सच्चे देशभक्त होने के साथ-साथ युवाओं के महान प्रेरणास्रोत थे।
शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में उनके ऐतिहासिक भाषण ने भारत की पहचान विश्व पटल पर स्थापित की। उनका प्रसिद्ध कथन उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



No comments:
Post a Comment