Guwa (Sandeep Gupta) गुवा के जाटा हाटिंग बस्ती में गुरुवार को भी होली का उत्साह देखते ही बना। बस्ती की महिलाओं, युवकों और बच्चों की टोली ने एकजुट होकर जमकर होली खेली। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते हुए रंगों के इस पर्व का आनंद उठाया। पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। होली के इस अवसर पर जाटा हाटिंग कमेटी की ओर से मटका फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बस्ती के युवकों की कई टोलियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मटका फोड़ने के लिए युवकों ने मानव पिरामिड बनाकर प्रयास किया, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
काफी प्रयास और उत्साह के बाद युवकों की एक टोली ने मटका फोड़कर प्रतियोगिता में सफलता हासिल की। मटका फूटते ही वहां मौजूद लोगों ने तालियों और खुशी के नारों से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान बस्ती के बुजुर्गों और कमेटी के सदस्यों ने भी लोगों को होली की बधाई दी और आपसी भाईचारा व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और पारंपरिक संस्कृति की झलक साफ देखने को मिली। इस आयोजन ने बस्ती के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी एकता और भाईचारे को और मजबूत करने का काम किया।

No comments:
Post a Comment