- विधायक जगत माझी ने सरकार से की दोनों सड़कों के निर्माण की मांग, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने उत्तर में बताया विभागीय नीति एवं बजटीय उपबंध के आलोक में सरकार करेगी अग्रेत्तर कार्रवाई
Upgrade Jharkhand News. मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी ने बुधवार को सदन में बजट सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से अपने विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की मांग सरकार से की। विधायक की मांग पर विभागीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि विभागीय नीति एवं बजटीय उपबंध के आलोक में सरकार आगे की कार्रवाई करेगी। विधायक जगत माझी ने सोनुवा प्रखंड के बेगुना से गितिलपी पथ एवं गोइलकेरा प्रखंड के सारूगाढ़ा पंचायत के सेरेंगदा और केनबांकी तक पथ निर्माण की मांग की। विधायक ने कहा है कि सोनुवा प्रखंड के बेगुना से गितिलपी एवं गोइलकेरा प्रखंड के सारूगाढ़ा पंचायत के सेरेंगदा और केनबांकी तक पथ की स्थिति ठीक नहीं है।
सड़क निर्माण के अभाव में उक्त क्षेत्र के दर्जनों ग्राम के ग्रामवासियों को आम दिनों में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने बेगुना से गितिलपी पथ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उक्त पथ जिसकी लम्बाई लगभग 17.00 किमी है। इस पथ के कुल लम्बाई में इस प्रमंडल के अधीन दो पथ समाहित है। पहला बेगुना से ईचाहातु भाया गोबिन्दपुर, सरजमहातु तक पथ सुदृढ़ीकरण कार्य लम्बाई 14.20 किमी है, जिसे राज्य संपोषित योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, चक्रधरपुर द्वारा बनाया गया है। उक्त पथ के कुल लम्बाई में से 13.00 किमी (बेगुना से सरजमहातु तक पथ) बेगुना से गितिलपी तक पथ में समाहित है। वर्णित पथ को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, चक्रधरपुर अधीन वर्ष 2022 में पूर्ण कराया गया था। जिसकी डीएलपी अवधि समाप्त हो चुकी है।
दूसरा केबेडकेरा से धोबाडीहा पथ निर्माण जिसकी लम्बाई 3.80 किमी है, जिसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, चक्रधरपुर द्वारा बनाया गया है। इस पथ की कुल लम्बाई 3.80 किमी बेगुना से गितिलपी तक पथ में समाहित है। वर्णित पथ को ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल, चक्रधरपुर अधीन वर्ष 2018 में पूर्ण कराया गया था। जिसकी डीएलपी अवधि समाप्त हो चुकी है। वहीं मंत्री ने सेरेंगदा से केनबांकी के बारे में बताया कि उक्त पथ जिसकी लम्बाई लगभग 13.45 किमी है। उक्त पथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सेरेंगदा कारो नदी से पंडुवा भाया जोजोदा तक पथ है, जिसकी कुल लम्बाई 13.45 किमी है। एनपीसीसी द्वारा वर्ष 2020 में पूर्ण कराया गया है तथा जिसकी डीएलपी अवधि समाप्त हो चुकी है। विभागीय नीति एवं बजटीय उपबंध के आलोक में पथ के निर्माण अथवा सुदृढ़ीकरण के संबंध में अग्रेतर कार्रवाई की जा सकेगी।

No comments:
Post a Comment