Guwa (Sandeep Gupta) ओडिशा राज्य के क्योंझर जिले के बिनाली गांव से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले जीतू मुंडा को अपनी बहन कालरा मुंडा की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए पैसों की जरूरत पड़ी, लेकिन बैंक से पैसे निकालने में औपचारिकताओं के कारण उसे भारी परेशानी झेलनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, कालरा मुंडा का बीमारी के कारण निधन हो गया था। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और अंतिम संस्कार के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं थे। जीतू मुंडा अपनी बहन के बैंक खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंचा, लेकिन अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी करने की बात कही। स्थिति इतनी गंभीर थी कि जीतू के पास इंतजार करने का विकल्प नहीं था।
मजबूरी में उसने अपनी बहन के शव को कब्र से निकालकर बैंक पहुंचाया, ताकि यह साबित कर सके कि उसकी बहन का निधन हो चुका है और उसे तत्काल पैसों की आवश्यकता है। बैंक परिसर में यह दृश्य देखकर लोग भावुक हो उठे और कई लोगों ने व्यवस्था पर नाराजगी जताई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना ने बैंकिंग व्यवस्था, प्रशासनिक संवेदनशीलता और गरीबों तक समय पर मदद पहुंचाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आदिवासी मुंडा समाज विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष बुधराम लागुरी ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी दुखद स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए मानवीय दृष्टिकोण से व्यवस्था में सुधार जरूरी है।


No comments:
Post a Comment