Guwa (Sandeep Gupta) गुवा सेल खदान में स्थानीय ग्रामीणों को बहाली (नियोजन) देने की मांग को लेकर मुंडा-मानकी संघ के बैनर तले चल रहे आंदोलन के बीच समाधान निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में सेल प्रबंधन ने शनिवार दोपहर 3 बजे 18 गांवों के मुंडा-मानकी को वार्ता के लिए आमंत्रित किया था, ताकि लंबे समय से चल रहे विवाद का हल निकाला जा सके। हालांकि, बैठक में अपेक्षित संख्या में प्रतिनिधियों की उपस्थिति नहीं हो सकी। 18 गांवों में से केवल 5 गांवों के मुंडा ही बैठक में पहुंचे, जिसके कारण वार्ता बेनतीजा रही और अंततः इसे स्थगित कर दिया गया। सेल प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी आंदोलनरत मुंडा-मानकी के साथ दो बार बैठक करने का प्रयास किया गया था। पहले दिन और दूसरे दिन भी वार्ता की कोशिश की गई, लेकिन दोनों ही बार कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका।
एचआर के महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह और सीएसआर के डीजीएम अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी पक्ष आपसी संवाद के लिए एक साथ नहीं बैठेंगे, तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्ता ही एकमात्र रास्ता है जिससे इस गतिरोध को समाप्त किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सेल प्रबंधन ने पुनः 18 गांवों के मुंडा-मानकी को सोमवार दोपहर 3 बजे गुवा सेल के जनरल ऑफिस के समक्ष बैठक के लिए आमंत्रित किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार सभी संबंधित पक्ष उपस्थित होकर बातचीत के माध्यम से कोई ठोस समाधान निकालेंगे।
No comments:
Post a Comment