Guwa (Sandeep Gupta) छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सैडल-मनोहरपुर मुख्य सड़क मार्ग पर एक ट्रेलर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास तैनात सीआरपीएफ के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने बिना समय गंवाए अपने पास उपलब्ध फर्स्ट एड किट से दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था। दुर्घटना में ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायल चालक और खलासी दर्द से कराह रहे थे, लेकिन सीआरपीएफ जवानों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण उन्हें समय पर सहायता मिल सकी। सारंडा के दुर्गम और नक्सल प्रभावित जंगलों में जहां सीआरपीएफ के जवान दिन-रात सुरक्षा अभियान में जुटे रहते हैं, वहीं उनका मानवीय चेहरा भी लगातार सामने आ रहा है। बंदूक और बुलेटप्रूफ जैकेट के बीच कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाने वाले यही जवान संकट की घड़ी में आम लोगों के लिए फरिश्ता साबित हो रहे हैं।
दुर्घटना स्थल पर जवानों द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और तत्परता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सीआरपीएफ जवान न केवल सुरक्षा का भरोसा दे रहे हैं, बल्कि मानवता की मिसाल भी पेश कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment