Guwa (Sandeep Gupta) मजदूर दिवस के अवसर पर सीटू कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कर मजदूरों के अधिकारों, एकता और संघर्ष पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया, जिसके बाद उपस्थित श्रमिकों को संबोधित करते हुए सीटू के महामंत्री रमेश गोप ने कहा कि मजदूर दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि संघर्ष और बलिदान की याद दिलाने वाला ऐतिहासिक दिवस है। उन्होंने कहा कि 1 मई उन मजदूरों की कुर्बानियों का प्रतीक है, जिन्होंने 8 घंटे कार्य दिवस, उचित वेतन, सुरक्षा और न्याय जैसे मूल अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया। आज श्रमिकों को जो अधिकार प्राप्त हैं, वे वर्षों की लड़ाई और त्याग का परिणाम हैं। रमेश गोप ने कहा कि मजदूरों की एकता, संघर्ष और सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा करना और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करना सीटू की प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने सभी मजदूरों से एकजुट रहने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था में मजदूरों की अहम भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि मजदूर देश की रीढ़ की हड्डी के समान हैं। उनकी कड़ी मेहनत से निकलने वाला आयरन और अन्य खनिज संसाधन रेलवे एवं उद्योगों के माध्यम से राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी मजदूरों ने एकजुटता का संकल्प लिया और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा जताया। इस अवसर पर मलय पाणीग्राही, राकेश चक्रवर्ती, विजय बेहरा, आर. मंजूनाथ, राजेश यादव, अनिल कुमार, अमित कुमार गुप्ता, राजेंद्र पृष्टी, विशाल घोघरा, उपल सोय, दीप कुमार पान, एमडी अख्तर, सुजीत नायक, शिवशंकर रॉय, विजेंदर केसरी, संजय पृष्टी, हेमलता देवी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment