Guwa (Sandeep Gupta) गुवा रामनगर स्थित एसबीआई बैंक के पीछे वर्कर्स कम्युनिटी हॉल में झारखंड महिला श्रमिक यूनियन द्वारा अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महिला श्रमिकों ने अपने अधिकारों, कार्यस्थल पर भागीदारी और सम्मान को सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की। बैठक में गुवा सेल प्रबंधन द्वारा महिला श्रमिकों के कथित शोषण का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया गया। महिलाओं ने कहा कि कार्यस्थल पर उन्हें उचित सम्मान, सुरक्षा और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही सेल गुवा अस्पताल एवं सेल किरीबुरू जनरल अस्पताल की रखरखाव, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए।
महिला श्रमिकों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन गर्भवती महिलाओं के इलाज में अनदेखी कर रहा है तथा प्रसूति मामलों में मरीजों को बाहर रेफर करने की परंपरा जारी है। महिलाओं ने कहा कि सेल गुवा अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ होने के बावजूद महिलाओं की छोटी-छोटी शारीरिक समस्याओं का इलाज नहीं किया जाता और उन्हें राउरकेला अस्पताल भेज दिया जाता है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
झारखंड महिला श्रमिक यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को विवश होगा। कार्यक्रम में झारखंड श्रमिक संघ के महामंत्री पंचम जॉर्ज सोय, मंगल पूर्ति, नजीर खान, तापस दास उपस्थित थे। वहीं महिला यूनियन की ओर से गीता देवी, लता कर्मकार, नीलम समद और विमला नाग समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं।


No comments:
Post a Comment