Upgrade Jharkhand News. गम्हरिया स्थित आर्का जैन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के वाणिज्य विभाग द्वारा साकची स्थित द कनेलाइट होटल में “तृतीय कॉमर्स कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया गया। इस वर्ष कॉन्क्लेव का विषय “विकसित भारत हेतु सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला निर्माण” रखा गया, जिसमें शिक्षा जगत, उद्योग जगत, कॉर्पोरेट क्षेत्र एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का उद्देश्य वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन, तकनीकी नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, स्थायित्व एवं उद्योग जगत की चुनौतियों पर सार्थक चर्चा करना था। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उद्योग एवं शिक्षा के मध्य समन्वय, भविष्य की आर्थिक चुनौतियों तथा आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत की अवधारणा में आपूर्ति श्रृंखलाओं की भूमिका पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक गणमान्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता उपस्थित रहे, जिनमें टाटा स्टील से सुशील कुमार वर्मा, टाटा कमीन्स से शान्तनु भट्टाचार्य , क्रॉसकी रिफैक्टरीज लि0 से प्रीति कुमारी , टाटा स्टील से अयोध्या प्रसाद, और एक्स एल आर आई से प्रो0 शान्तनु गुप्ता ने विशेषज्ञ के रूप में पैनल चर्चा की।
कार्यक्रम में स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट की सहायक डीन डॉ. पोम्पी दास सेनगुप्ता, वाणिज्य विभाग की डॉ. अंकिता सिंह सहित विभाग के अन्य प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक व्यापार, विनिर्माण, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स एवं उद्योगों के लिए सुदृढ़ एवं लचीली आपूर्ति श्रृंखला अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास, नवाचार एवं व्यावहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कॉन्क्लेव के दौरान पैनल चर्चा, संवाद सत्र एवं विचार-विमर्श का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष संवाद कर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों एवं अवसरों को समझने का एक सशक्त मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग के प्राध्यापकगण, आयोजन समिति, छात्रों एवं सहयोगी संस्था जमशेदपुर प्रबंध संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संवाद, ज्ञानवर्धक चर्चाओं एवं उद्योग-शिक्षा सहभागिता के संदेश के साथ हुआ।



No comments:
Post a Comment